| कादियां पहुंचने पर आई.पी.एस अधिकारी विपुल अनेकांत का स्वागत करते युवा। (ज़ीशान) |
कादियां, 14 मार्च (ज़ीशान) – लोगों को मृत्यु के बाद देह/अंगदान के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से आई.पी.एस अधिकारी विपुल अनेकांत कन्याकुमारी से कश्मीर तक लगभग 4600 किलोमीटर की अकेले साइकिल यात्रा कर रहे हैं। अपनी यात्रा के दौरान वे आज कादियां भी पहुंचे, जहां उन्होंने लोगों को अंगदान के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।
उन्होंने बताया कि वे 16 जनवरी 2026 को इस यात्रा पर निकले थे और अब तक करीब 3900 किलोमीटर का सफर तय कर चुके हैं। वे मूल रूप से राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले की भदरा तहसील के निवासी हैं और वर्तमान में अंडमान-निकोबार कैडर के आई.पी.एस अधिकारी हैं।
विपुल अनेकांत ने बताया कि आठ साल पहले उनके दादा के निधन के बाद उनका जूनागढ़ मेडिकल कॉलेज में देहदान किया गया था। इस घटना से प्रेरित होकर उन्होंने लोगों को अंगदान के लिए जागरूक करने का संकल्प लिया।
उन्होंने कहा कि वे केवल एक साइकिल और लगभग दो किलो वजन के छोटे बैग के साथ यह यात्रा कर रहे हैं, जिसमें कुछ जरूरी सामान ही है। रास्ते में विभिन्न धर्मों और समाजों के लोग उनकी हौसला अफजाई करते हैं और उन्हें भोजन आदि उपलब्ध करवाते हैं। रात के समय वे गुरुद्वारों, मंदिरों या मस्जिदों में ठहरते हैं और फिर आगे की यात्रा जारी रखते हैं।
कादियां में जमात अहमदिया के मुख्यालय पहुंचने पर युवाओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मानवता की भलाई के लिए अंगदान बहुत महत्वपूर्ण है और हर व्यक्ति को इसके बारे में अवश्य सोचना चाहिए।