| अहमदिया मुस्लिम जमात के विश्व प्रमुख हज़रत मिर्ज़ा मसरूर अहमद। (ज़ीशान) |
कादियां, 7 मार्च (ज़ीशान) – अहमदिया मुस्लिम जमात के विश्व प्रमुख हज़रत मिर्ज़ा मसरूर अहमद ने अपने संबोधन में मुस्लिम देशों से आपसी एकता स्थापित करने और अपनी सुरक्षा के लिए पश्चिमी शक्तियों के बजाय अल्लाह पर भरोसा करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि कई मुस्लिम देशों में पश्चिमी शक्तियों के सैन्य ठिकाने स्थापित किए गए हैं, जिससे क्षेत्र में अस्थिरता और संघर्ष की स्थिति बढ़ी है। उन्होंने चेतावनी दी कि मध्य-पूर्व का संघर्ष यदि बढ़ता है तो इसका सबसे अधिक नुकसान अरब देशों को उठाना पड़ सकता है।
हज़रत मिर्ज़ा मसरूर अहमद ने कहा कि मुस्लिम देशों की सरकारों और नेताओं को अपने व्यक्तिगत हितों को छोड़कर मुस्लिम उम्मत की एकता के लिए कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पश्चिमी शक्तियाँ अक्सर मुस्लिम देशों के भीतर मौजूद मतभेदों का लाभ उठाकर अपने हित साधने की कोशिश करती हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि मुसलमानों को अपनी सुरक्षा और समृद्धि के लिए बड़ी शक्तियों पर निर्भर नहीं होना चाहिए, बल्कि अल्लाह पर भरोसा करते हुए शांति, भाईचारे और सहयोग का मार्ग अपनाना चाहिए।
अपने संबोधन के अंत में हज़रत मिर्ज़ा मसरूर अहमद ने विश्व में शांति स्थापित होने और अन्याय व अत्याचार के अंत के लिए दुआ की।