| कादियां में आयोजित विशाल शोभा यात्रा की विभिन्न झलकियां। (ज़ीशान) |
कादियां, 14 फरवरी (ज़ीशान) – महाशिवरात्रि के पावन पर्व के अवसर पर कादियां में शिवाला मंदिर से एक विशाल शोभा यात्रा निकाली गई। यात्रा शिवाला चौक से शुरू होकर मेन बाजार, रेलवे रोड और थाने वाले चौक से होती हुई पुनः मंदिर परिसर में समाप्त हुई। पूरे मार्ग में "बम बोले" और भगवान शिव के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
शोभा यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़े और भगवान शिव-माता पार्वती से संबंधित धार्मिक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों द्वारा जगह-जगह फूलों की वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया तथा श्रद्धालुओं के लिए जलपान और प्रसाद की व्यवस्था की गई।
इस अवसर पर विपक्ष के नेता एवं कादियां विधायक प्रताप सिंह बाजवा, विधायक तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, एसजीपीसी सदस्य गुरिंदरपाल सिंह गोरा, मंदिर समिति के प्रधान अरविंद जुल्का सहित विभिन्न मंदिरों के प्रधान और सभी धर्मों के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि कादियां की पहचान आपसी भाईचारे और सौहार्द से है, जहां सभी त्योहार मिल-जुलकर मनाए जाते हैं।
शोभा यात्रा के दौरान प्रशासन द्वारा सुरक्षा और यातायात के पुख्ता प्रबंध किए गए, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। अंत में शहर की शांति, समृद्धि और खुशहाली के लिए प्रार्थना की गई।