| कादियां के महात्मा निवास में विश्व शांति के लिए हवन-यज्ञ, प्रवचन देते स्वामी व शास्त्री जी। (ज़ीशान) |
कादियां, 6 मार्च (ज़ीशान) – कादियां के महात्मा निवास में विश्व शांति और मानव कल्याण की कामना को लेकर दो दिवसीय हवन-यज्ञ, भजन और प्रवचन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
दो दिवसीय आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में प्रतिदिन हवन-यज्ञ, भजन तथा प्रवचन हुए। हवन-यज्ञ का संचालन आचार्य अग्निदेव जी, ब्रह्मचारी दयानंद मठ दीनानगर द्वारा किया गया, जबकि भजन और प्रवचन आर्य प्रतिनिधि सभा पंजाब के विजय शास्त्री और अरुण जी ने प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर स्वामी जी ने अपने प्रवचन में सत्य और धर्म के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मानव जीवन में सत्य का पालन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने महर्षि पतंजलि के योगदर्शन का उल्लेख करते हुए बताया कि जो व्यक्ति सत्य के मार्ग पर चलता है, उसके कार्य सफल होते हैं और समाज में उसका सम्मान बढ़ता है।
शास्त्री जी ने हवन में बोले जाने वाले "स्वाहा" और "इदं न मम" के भाव का अर्थ समझाते हुए कहा कि मनुष्य को निस्वार्थ भाव से जीवन जीना चाहिए और मन, वाणी व कर्म में एकता रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सच्चा सुख तभी मिलता है जब मनुष्य धर्म, सदाचार और पवित्रता के मार्ग पर चलता है तथा दूसरों के साथ वही व्यवहार करता है जो वह अपने लिए चाहता है।
मुंबई से विशेष रूप से यहाँ पुहंचे समारोह के आयोजक अरुण अबरोल ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में शांति, सद्भाव और आध्यात्मिक जागरूकता को बढ़ावा देना है। श्रद्धालुओं ने हवन-यज्ञ में आहुति देकर विश्व शांति और मानव कल्याण की प्रार्थना की।