| डीआईजी बॉर्डर रेंज संदीप गोयल कादियां में आयोजित 130वें जलसा सालाना के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए तथा अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए। (ज़ीशान) |
कादियां, 25 दिसंबर (ज़ीशान) – अंतरराष्ट्रीय मुस्लिम जमात अहमदिया के 130वें जलसा सालाना की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के लिए आज डीआईजी बॉर्डर रेंज श्री संदीप गोयल विशेष रूप से कादियां पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जलसा स्थल का दौरा कर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया और जमात अहमदिया के अधिकारियों से मुलाकात की।
डीआईजी संदीप गोयल ने मुस्लिम जमात अहमदिया को जलसा सालाना की बधाई देते हुए कहा कि इस आयोजन में दुनिया भर से श्रद्धालु कादियां पहुंचते हैं और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की मुख्य जिम्मेदारी है।
इस मौके पर एसएसपी बटाला डॉ. महिताब सिंह, एसपी संदीप, हरीश बहल और एसएचओ कादियां गुरमीत सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
डीआईजी ने बताया कि डीजीपी पंजाब के निर्देशों के अनुसार जलसा सालाना के दौरान लगभग 1000 पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा अन्य जिलों से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। जलसा के दौरान 20 गजटेड अधिकारी और 40 इंस्पेक्टर 24 घंटे ड्यूटी पर रहेंगे, जबकि विभिन्न एजेंसियों द्वारा भी लगातार निगरानी रखी जाएगी।
उन्होंने बताया कि पूरे क्षेत्र को तीन सेक्टरों में बांटा गया है और प्रत्येक सेक्टर के लिए अलग-अलग इंचार्ज नियुक्त किए गए हैं, ताकि जलसा सालाना शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। इस कार्य में जमात अहमदिया द्वारा भी पुलिस प्रशासन को पूरा सहयोग दिया जा रहा है।
अंत में डीआईजी संदीप गोयल ने शहरवासियों को जलसा सालाना, क्रिसमस और आने वाले नए साल की शुभकामनाएं दीं।