गोल्ड डिपॉजिट योजना को सफल बनाने के लिए भरोसेमंद और स्थायी कानून जरूरी- कश्मीर राजपूत

Uploaded Image
अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष कश्मीर सिंह राजपूत। (ज़ीशान)

कादियां, 7 जुलाई (ज़ीशान): अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष कश्मीर सिंह राजपूत ने कहा है कि यदि सरकार स्वर्ण जमा (गोल्ड डिपॉजिट) योजना को सफल बनाना चाहती है तो सबसे पहले लोगों का भरोसा जीतना होगा। उनका कहना है कि आम लोगों की सबसे बड़ी चिंता यह है कि सरकारें बदलने के साथ योजनाओं के नियम भी बदल जाते हैं, जिससे लोग अपनी जीवनभर की जमा-पूंजी सरकार के पास जमा कराने से हिचकिचाते हैं।
कश्मीर सिंह राजपूत ने कहा कि देश में पहले भी स्वर्ण जमा से जुड़ी कई योजनाएं शुरू की गईं, लेकिन अधिकांश अपेक्षित सफलता हासिल नहीं कर सकीं। इसके पीछे मुख्य कारण जनता का सरकार पर पूर्ण विश्वास न होना और भविष्य में नियमों के बदलने की आशंका है।
उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसी मजबूत कानूनी व्यवस्था बनानी चाहिए, जिससे किसी भी सरकार के आने या जाने पर योजना के नियमों में बदलाव न हो। इससे लोगों का विश्वास बढ़ेगा और अधिक से अधिक लोग इस योजना से जुड़ सकेंगे।
उन्होंने सुझाव दिया कि सरकार ऐसी योजना लाए, जिसमें सोना जमा कराने वाले से यह पूछताछ न की जाए कि सोना ब्लैक है या व्हाइट। साथ ही जमा किए गए सोने पर 5 से 7 प्रतिशत तक ब्याज दिया जाए तथा पांच वर्ष बाद उसी मात्रा का सोना वापस किया जाए, जिसे पूरी तरह वैध (व्हाइट) माना जाए और जिस पर न आयकर का कोई विवाद हो और न ही किसी प्रकार की पूछताछ की जाए।
कश्मीर सिंह राजपूत ने यह भी सुझाव दिया कि सरकार केवल अपने संस्थानों के माध्यम से ही नहीं, बल्कि अधिकृत और विश्वसनीय सुनारों तथा ज्वैलर्स के साथ समझौता कर उनके प्रतिष्ठानों पर भी सोना जमा कराने की व्यवस्था करे। उनका मानना है कि इससे लोगों का भरोसा बढ़ेगा और बड़ी मात्रा में सोना देश के विकास तथा आर्थिक मजबूती के लिए उपयोग में लाया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि विशेष रूप से देश की मातृशक्ति अपने आभूषणों को लेकर बेहद सजग रहती है। ऐसे में योजना को आकर्षक, सुरक्षित और पूर्णतः भरोसेमंद बनाकर ही सरकार लोगों का विश्वास जीत सकती है।

Post a Comment

© Qadian Times. All rights reserved. Distributed by ASThemesWorld