लेफ्टिनेंट गवर्नर कविंदर गुप्ता ने डॉ. अर्चिता महाजन को किया सम्मानित

डॉ. अर्चिता महाजन, लेफ्टिनेंट गवर्नर कविंदर गुप्ता द्वारा जारी सम्मान पत्र। (ज़ीशान)

कादियां, 27 दिसंबर (ज़ीशान) – केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के माननीय लेफ्टिनेंट गवर्नर कविंदर गुप्ता ने सार्वजनिक स्वास्थ्य जागरूकता और निस्वार्थ चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए डॉ. अर्चिता महाजन को सम्मानित किया है। इस संबंध में लेफ्टिनेंट गवर्नर द्वारा प्रशंसा-पत्र जारी किया गया, जिसमें उनके उल्लेखनीय कार्यों की सराहना की गई है।
प्रशंसा-पत्र में बताया गया कि कोविड-19 काल से अब तक डॉ. अर्चिता महाजन ने तीन लाख (3,00,000) से अधिक स्वास्थ्य संबंधी लेख लिखकर प्रकाशित किए हैं, जो भारत के सात राज्यों तक पाठकों तक पहुंचे हैं। इन लेखों ने प्रामाणिक चिकित्सा जानकारी फैलाने और स्वास्थ्य से जुड़ी गलत सूचनाओं के खिलाफ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके साथ-साथ डॉ. महाजन द्वारा निःशुल्क चिकित्सा परामर्श भी प्रदान किया जा रहा है, जो जनकल्याण और मानवीय सेवा के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
लेफ्टिनेंट गवर्नर कविंदर गुप्ता ने कहा कि डॉ. अर्चिता महाजन की निष्ठा, निरंतरता और सामाजिक जिम्मेदारी वास्तव में प्रशंसनीय है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व उन्हें पंजाब सरकार द्वारा दो बार तथा हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा एक बार सम्मानित किया जा चुका है, जो उनके योगदान की विश्वसनीयता और प्रभाव को प्रमाणित करता है।
डॉ. अर्चिता महाजन एक वरिष्ठ डाइटिशियन (शाह अस्पताल, कैथल) हैं और न्यूट्रिशन व डाइटेटिक्स में मास्टर डिग्री धारक हैं। वे चाइल्ड केयर न्यूट्रिशन, होम्योपैथिक फार्मेसी और योग प्रशिक्षण से भी जुड़ी हुई हैं। कोविड काल में 'कोरोना वॉरियर' के रूप में उनकी सेवाओं को भी विशेष रूप से सराहा गया है।
अपने संदेश में लेफ्टिनेंट गवर्नर ने डॉ. अर्चिता महाजन को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वे आगे भी इसी समर्पण के साथ सार्वजनिक स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक भलाई के लिए योगदान देती रहेंगी।

Post a Comment

© Qadian Times. All rights reserved. Distributed by ASThemesWorld