![]() |
| बाजवा स्कूल में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योगाभ्यास करते विद्यार्थी एवं स्टाफ सदस्य। (ज़ीशान) |
कादियां, 21 जून (ज़ीशान): एस.एस. बाजवा मेमोरियल पब्लिक स्कूल में एन.एस.एस. एवं एन.सी.सी. यूनिट के तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न योगासन और योग क्रियाओं का प्रदर्शन कर योग के प्रति अपनी जागरूकता और उत्साह का परिचय दिया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं मंजोत कौर और रिद्धिमा ने योग के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए बताया कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ एवं सुदृढ़ बनाता है, बल्कि मानसिक शांति प्रदान करने के साथ-साथ अनेक बीमारियों से बचाव में भी सहायक है।
विद्यालय के डायरेक्टर एवं राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता एम.एल. शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने का प्रस्ताव भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में रखा गया था, जिसे विश्व समुदाय ने स्वीकार किया।
विद्यालय की कोऑर्डिनेटर शालिनी शर्मा और चेयरमैन डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य के संतुलन के लिए योग अत्यंत आवश्यक है। वहीं प्रधानाचार्या कोमल अग्रवाल और उप-प्रधानाचार्य कपिल शर्मा ने विद्यार्थियों को नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन एन.सी.सी. इंचार्ज फरहाना इरम एवं एन.एस.एस. इंचार्ज ज्योति भाटिया के मार्गदर्शन में किया गया।
