| बाजवा स्कूल में स्मार्ट क्लास द्वारा शिक्षा देते, बैठे विद्यार्थी। (ज़ीशान) |
कादियां, 20 दिसंबर (ज़ीशान) – एस.एस. बाजवा स्कूल में इंटरएक्टिव फ्लैट पैनल के माध्यम से स्मार्ट क्लास की शुरुआत की गई। इस डिजिटल डिस्प्ले से पारंपरिक व्हाइट बोर्ड और प्रोजेक्टर की जगह ली गई है, जिससे पढ़ाई अधिक रोचक, सहयोगात्मक और मल्टीमीडिया आधारित हो गई है।
टाइम टेबल के अनुसार कक्षा 6वीं से 12वीं तक साइंस, सामाजिक विज्ञान, अंग्रेज़ी, हिंदी, पंजाबी और गणित की स्मार्ट क्लासें लगाई गईं। छात्रों में जबरदस्त उत्साह देखा गया और उन्होंने प्रयोगात्मक तरीके से शिक्षा ग्रहण की।
स्कूल के डायरेक्टर एम.एल. शर्मा (राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता) ने बताया कि स्मार्ट क्लास शुरू होने से विद्यार्थियों की उपस्थिति और सीखने की रुचि बढ़ी है। अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा और कोऑर्डिनेटर डॉ. शालिनी शर्मा ने कहा कि विज़ुअल कंटेंट, एनीमेशन और वीडियो से जटिल विषय अब आसान हो गए हैं।
प्रधानाचार्य कोमल अग्रवाल ने बताया कि शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है ताकि डिजिटल तकनीक का बेहतर उपयोग हो सके। उप प्रधानाचार्य कपिल शर्मा व समूचा स्टाफ इस अवसर पर मौजूद रहा।